उत्तर प्रदेश (UP Police) में बीते दिन हुई हिंसा को लेकर सीएम योगी (CM Yogi) ने यूपी पुलिस (UP Police) को सख्ती बरतने के आदेश जारी किए है। सीएम योगी ने ये साफ कर दिया कि उपद्रवियों को किसी हालत में बख्शा नहीं जाए। बता दें, बीते दिन हुई हिंसा की शुरू हुई कार्रवाई में कल से अभी तक 227 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 70 गिरफ्तारियां हुई हैं।
वहीं, यूपी पुलिस ने सहारनपुर में 48, हाथरस में 50, मुरादाबाद में 25, फिरोजाबाद में 8 लोगों की गिरफ्तारी की है। इसके साथ ही अभी तक 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दरअसल, नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद को दिए बयान पर देशभर में बवाल मचा हुआ है। दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, डोडा, किश्तवाड़, रांची समेत कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन दिए गए। यूपी के भी कई जिलों में जमकर प्रदर्शन हुआ।
इसकी शुरुआत प्रयागराज से हुई। प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद बाहर निकलते नमाजियों ने जमकर बवाल काटा। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र अटाला में कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हंगामा करने वालों को शांत करने का प्रयास किया तो वह भड़क गए और नारेबाजी करते हुए गलियों से पुलिस पर पथराव कर दिया।
जिसके चलते पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में 3 प्रकरण दर्ज कर 70 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रयागराज के साथ साथ फिरोजाबाद, हाथरस, सहारनपुर और मुरादाबाद में जमकर बवाल काटा गया। अब जब पुलिस ने कार्रवाई का दौर शुरू कर दिया है। एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि सहारनपुर, प्रयागराज समेत प्रदेश के छह जिलों में उपद्रव करने के मामले में अब तक 227 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि शांति भंग और उपद्रव करने वाले सभी दोषियों को चिन्हित कर लिया गया है। इन लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनके विरुद्ध गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए जाएंगे। सरकारी और निजी संपत्तियों को पहुंचाई गई क्षति की इनसे वसूली भी की जाएगी।