राजधानी दिल्ली के नरेला में किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान सुनील नाम के शख्स के रूप में की गयी है, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला है। फिलहाल आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आखिर क्या है पूरा मामला
नरेला के 1 गांव में रहने वाली लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर 15 फरवरी को अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। 19 फरवरी को उसी गांव में नेल पॉलिश की बोतलों के ढक्कन बनाने का काम करने वाले राहुल राय नामक शख्स ने पुलिस को बताया कि वह झांसी गया था और वापस आकर जब उसने अपनी दुकान खोली तो उसके अंदर से दुर्गंध आ रही थी। राय ने पुलिस को बताया कि उसके साथ काम करने वाला सुनील नाम का कामगार भी लापता है। अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पुलिस ने उस दुकान में तलाशी की, जहां बालिका का क्षत-विक्षत शव गाय के गोबर से बने उपलों से भरी बोरियों के ढेर के नीचे मिला।
जांच के दौरान, राम सच्चे ऊर्फ सचिन नामक व्यक्ति को 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया, वह मुंबई भागने की फिराक में था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि सुनील के साथ उसने 12 फरवरी को मेट्रो विहार में शराब पी और लड़की को बुलाने की योजना बनायी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लड़की को फोन किया, और उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किया तथा गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी।